Summer Express, हैदराबाद | हैदराबाद के चेरुवु केबल ब्रिज पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय कारोबारी श्याम राज की जान चली गई। वह अपनी पत्नी की तस्वीर खींच रहे थे, तभी तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, श्याम राज हफीजपेट इलाके के निवासी थे। घटना सुबह करीब 3:15 बजे की है, जब वह पत्नी के साथ बाइक से केबल ब्रिज पहुंचे थे। पत्नी फुटपाथ पर खड़ी थीं, जबकि श्याम राज सड़क पर खड़े होकर उनकी फोटो ले रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार रेलिंग से टकराकर पलट गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल श्याम राज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान शाम करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कार पर पश्चिम बंगाल का रजिस्ट्रेशन नंबर पाया गया है और प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वाहन किसी कंपनी के नाम पर दर्ज है।
जांच में यह भी सामने आया है कि दंपती पहले एक पार्सल भेजने गए थे और देर रात खाना खाने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे कुछ देर के लिए केबल ब्रिज पर रुके, जहां यह हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश में जुटी है।