Summer Express, माछीवाड़ा | पंजाब के लुधियाना जिले के माछीवाड़ा क्षेत्र में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां एक पति ने शक के चलते अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने वीडियो बनाकर अपना गुनाह भी कबूल कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मंड सुखेवाला गांव निवासी गुरप्रीत सिंह ने अपनी पत्नी राजविंदर कौर की रविवार दोपहर हत्या कर दी। गुरप्रीत पेशे से कंबाइन चालक है और करीब 11 साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था।
बताया जा रहा है कि पति को पत्नी के चरित्र पर संदेह था। वहीं, पत्नी को भी पति पर शक था, जिसके चलते दोनों के बीच लंबे समय से तनाव और विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर गुरप्रीत सिंह ने घर में अकेली मौजूद पत्नी का गला घोंट दिया।
घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। वारदात के बाद आरोपी ने पहले अपने एक दोस्त को फोन कर घटना की जानकारी दी और फिर खुद ही पुलिस को सूचना देकर थाने आने की बात कही।
सूचना मिलते ही डीएसपी प्रीतपाल सिंह और थाना प्रभारी पवित्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जो इस घटना के बाद सदमे में हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने हत्या के बाद एक वीडियो बनाकर अपने दोस्त को भेजा, जिसमें उसने शक के चलते वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।