Summer express, इस्लामाबाद | पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने के फैसले के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि दोनों पक्ष जल्द ही बातचीत के जरिए एक व्यापक शांति समझौते तक पहुंच सकते हैं।
मंगलवार को युद्धविराम की समयसीमा समाप्त होने से ठीक पहले अमेरिका ने पाकिस्तान के अनुरोध पर इसे अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया। हालांकि, आगे की शांति वार्ता को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान दूसरे दौर की वार्ता की मेजबानी करने की तैयारी में था, लेकिन ईरान की ओर से बातचीत फिर से शुरू करने में अनिच्छा दिखाए जाने के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति का इस्लामाबाद दौरा भी रद्द कर दिया गया।
पाकिस्तान ने स्थिति को देखते हुए युद्धविराम बढ़ाने का आग्रह किया था। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया पर कहा कि पाकिस्तान बातचीत के जरिए विवाद के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शांति प्रयासों को जारी रखेगा।
उन्होंने भरोसा जताया कि दोनों पक्ष युद्धविराम का पालन करेंगे और आगे की वार्ता में स्थायी शांति के लिए सकारात्मक परिणाम निकलेंगे।