Summer express, पुन्हाना (नूंह) | हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना क्षेत्र में पुलिस और एक वांछित हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी रहीस गोली लगने से घायल हो गया। यह मुठभेड़ गांव नई में उस समय हुई जब अपराध जांच शाखा की टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी।
पुलिस के मुताबिक, रहीस पुत्र सुमेर, निवासी गांव नई, लूट, हत्या और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में करीब 20 मामलों में वांछित था। जैसे ही पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, उसने अवैध कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे रहीस के दाहिने पैर में गोली लग गई और उसे काबू कर लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान सीआईए का सिपाही गौतम भी घायल हो गया, जिसके पैर में गोली लगी है। दोनों घायलों को इलाज के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मौके से एक अवैध कट्टा और कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, रहीस लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ नूंह व आसपास के इलाकों में कई संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ के बाद अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े खुलासे होने की संभावना है।