Summer express, बेंगलुरु | बेंगलुरु में स्टैंड-अप कॉमेडियन शरत उदय का शो उस समय विवादों में आ गया, जब कुछ लोगों ने बीच कार्यक्रम में पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए इसे रुकवा दिया। यह विवाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू पर लगभग दो साल पहले किए गए मजाकिया टिप्पणियों को लेकर खड़ा हुआ।
जानकारी के अनुसार कोरमंगला में आयोजित शो के दौरान जैसे ही उदय ने अपना एक्ट शुरू किया, दर्शकों में मौजूद कुछ लोग मंच पर पहुंच गए। शुरुआत में खुद को प्रशंसक बताने वाले एक व्यक्ति ने उनकी पुरानी टिप्पणियों पर आपत्ति जताई, जिसके बाद अन्य लोग भी उसके साथ जुड़ गए।
स्थिति जल्द ही तनावपूर्ण हो गई और आरोप है कि समूह ने कॉमेडियन के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें धमकियां भी दीं। इतना ही नहीं, उन्हें मंच पर दोबारा माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया, जबकि उदय पहले ही उन टिप्पणियों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके थे।
विवाद के दौरान कुछ लोगों ने 2003 में नक्सली हमले से जुड़े एक संदर्भ पर भी सवाल उठाए और भविष्य में इस तरह की सामग्री को एक्ट में शामिल न करने की चेतावनी दी। हालांकि, जब उनसे एक राजनीतिक दल के समर्थन में नारे लगाने के लिए कहा गया तो उदय ने इससे साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि उनकी कॉमेडी में विभिन्न राजनीतिक दलों पर समान रूप से व्यंग्य किया जाता है।
इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग मंच पर चढ़कर बहस करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी प्रदर्शनकारी मौके से फरार हो गए। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए टीडीपी के आंध्र प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव ने इस तरह के विरोध की निंदा की। उन्होंने कहा कि पार्टी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ किसी भी तरह के व्यवहार का समर्थन नहीं करती।
हालांकि, उन्होंने कलाकारों और सार्वजनिक हस्तियों को संवेदनशील मुद्दों पर टिप्पणी करते समय संयम बरतने की सलाह भी दी।
गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश में हाल के समय में राजनीतिक व्यंग्य को लेकर कॉमेडियनों के खिलाफ विरोध की यह तीसरी घटना है। इससे पहले भी कुछ कलाकारों को विवादित टिप्पणियों के चलते पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा है।