Summer express, हिसार | हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने कहा है कि गायक मासूम शर्मा द्वारा देहरादून के एक कॉलेज में मंच से अभद्र भाषा के इस्तेमाल के मामले में जल्द ही दूसरा नोटिस जारी किया जाएगा। वह मंगलवार को स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रही थीं।
भाटिया ने कहा कि महिला आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, लेकिन हाल ही में हांसी और आसपास के क्षेत्रों से सामने आए कुछ मामलों ने गंभीर चिंता पैदा की है। उन्होंने बताया कि अब केवल शहरी क्षेत्रों में ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अंचलों में भी सहमति आधारित संबंधों से जुड़े ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जो सामाजिक मर्यादाओं पर प्रश्न खड़े करते हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एक मामले में 48 वर्षीय महिला का 26 वर्षीय युवक के साथ संबंध सामने आया, जबकि महिला चार बच्चों की मां है। वहीं, एक अन्य मामले में पति-पत्नी अलग रह रहे हैं और दोनों अपने बच्चों को एक-दूसरे के खिलाफ प्रभावित कर रहे हैं। इस मामले में आयोग ने हस्तक्षेप करते हुए बुजुर्ग दादा-दादी को उनका घर दिलवाया और बच्चे को उनके पास रहने के निर्देश दिए।
रेनू भाटिया ने कहा कि पहले यह धारणा थी कि केवल बड़े शहरों में ही इस तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं, लेकिन अब छोटे शहरों और गांवों में भी ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सशक्तिकरण का अर्थ सामाजिक जिम्मेदारियों से दूरी बनाना नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि आयोग अब तक करीब 14,700 मामलों की सुनवाई कर चुका है। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका उपयोग समाजहित और विकास के लिए किया जाना चाहिए।