Summer express, नई दिल्ली | दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रह्लादपुर इलाके में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ के बाद एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान 50 वर्षीय सुनील उर्फ शेट्टी उर्फ देवा के रूप में हुई है, जो लंबे समय से कई संगीन मामलों में फरार चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए डीडीए पार्क के पास जाल बिछाया गया था। सूचना मिली थी कि सुनील इलाके में आने वाला है, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। जैसे ही पुलिस ने रात उसे रोकने की कोशिश की, आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत काबू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जांच में सामने आया है कि सुनील इस साल दर्ज एक लूट और गैर-इरादतन हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। वह गोविंदपुरी थाने का घोषित बदमाश भी है और वर्ष 1999 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है। अधिकारियों के अनुसार, सुनील के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से सात मामलों में उसे दोषी भी ठहराया जा चुका है।
पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और हालिया आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।