Summer express, राहुल चावला, मैक्लोडगंज | हिमाचल प्रदेश के मैक्लोडगंज में तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा से मिलने के लिए शुक्रवार को श्रद्धालुओं और दक्षिण भारतीय फिल्म जगत से जुड़ी कई प्रसिद्ध हस्तियां पहुंचीं। धर्मशाला स्थित अपने आवास पर दलाई लामा ने करीब 300 श्रद्धालुओं को दर्शन और आशीर्वाद दिया।
इस विशेष मुलाकात में दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता साईं कुमार और जयराम भी शामिल रहे। दलाई लामा से मुलाकात के बाद दोनों कलाकारों ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया।
अभिनेता साईं कुमार और जयराम ने कहा, “हम खुद को बेहद सौभाग्यशाली मानते हैं। दलाई लामा के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करना किसी ईश्वर के साक्षात दर्शन जैसा अनुभव है। यह पल जिंदगीभर याद रहेगा।”
दलाई लामा के आवास पर आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। शांत और आध्यात्मिक माहौल में दलाई लामा के संदेशों ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि दलाई लामा से मुलाकात उनके लिए केवल एक धार्मिक अनुभव नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और प्रेरणा का भी स्रोत रही। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे।