Summer express, फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना क्षेत्र में सीएम फ्लाइंग टीम ने हिम्मतपुरा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति लिमिटेड (पैक्स) में छापेमारी कर स्टॉक में भारी गड़बड़ी का खुलासा किया। करीब 11 घंटे तक चली जांच के दौरान टीम को लगभग दो लाख रुपये का स्टॉक कम मिला।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग टीम इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने किया। जांच टीम में कृषि विभाग के एसडीओ मुकेश मेहला, विकास अधिकारी सुरेश कुमार और इंस्पेक्टर सतबीर सिंह भी शामिल रहे।
जांच के दौरान टीम ने स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया, जिसमें सूक्ष्म खाद, कीटनाशक दवाइयों समेत करीब 20 प्रकार की वस्तुओं की कमी पाई गई। अधिकारियों के अनुसार, गायब स्टॉक की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है।
विकास अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि पैक्स प्रबंधक बलजिंदर सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही उनसे स्टॉक की रिकवरी करने के निर्देश दिए जाएंगे और विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार, यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 23 अप्रैल को किए गए निरीक्षण में भी बड़े स्तर पर स्टॉक में कमी सामने आई थी। उस दौरान कन्हड़ी, हिम्मतपुरा और नथुवाल बिक्री केंद्रों पर यूरिया के 2186 बैग और डीएपी के 1070 बैग कम पाए गए थे। इनकी कुल कीमत करीब 20.27 लाख रुपये आंकी गई थी।
बताया जा रहा है कि उस समय प्रबंधक बलजिंदर सिंह निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले थे। बाद में उन्होंने लिखित रूप में स्टॉक की कमी की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए 5 मई तक 20.27 लाख रुपये जमा कराने का आश्वासन दिया था।
महाप्रबंधक छैलू राम ने शाखा प्रबंधक को दोबारा जांच के निर्देश दिए थे और भविष्य में फिर कमी मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।इस पूरे मामले की शिकायत गांव कन्हड़ी निवासी महिला दर्शना ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और फतेहाबाद के जिला उपायुक्त को भेजी थी, जिसके बाद जांच तेज की गई।