Summer express, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में चोरों ने दो मंदिरों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। टौणी देवी पुलिस चौकी क्षेत्र के झनिक्कर और बारी गांव स्थित मंदिरों में देर रात अज्ञात बदमाशों ने कुल सात ताले तोड़ दिए और कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों ने सुनसान इलाकों में देर रात घूमने वाली संदिग्ध टोलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार, चोरी की वारदात झनिक्कर स्थित संतोषी माता मंदिर और चौहान वंश की कुलजा आशा पूरा मंदिर में हुई। चोरों ने आशा पूरा मंदिर के दो ताले तोड़कर माता का चांदी का छत्र चुरा लिया। वहीं संतोषी माता मंदिर के पांच कमरों के ताले भी तोड़ दिए गए।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मंदिर में महात्मा मौजूद नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।आशा पूरा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रूमेल सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे चोरी का पता चला। झनिक्कर गांव की एक महिला जब मंदिर की लाइट बंद करने पहुंची तो उसने मंदिर के टूटे ताले देखे। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई, जिसके बाद बारी और झनिक्कर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है। वहीं ग्रामीणों ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और क्षेत्र में पुलिस गश्त तेज करने की मांग की है।