Summer express/राहुल चावला, पालमपुर:-पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा है कि पालमपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है और पार्टी के नेतृत्व में शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी। सोमवार शाम भाजपा कार्यालय पालमपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में दिखाई दे रही एकजुटता पर संतोष जताते हुए कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरी है।
शांता कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश के स्वर्णिम दौर से गुजर रही है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन को याद करते हुए बताया कि वह भारतीय जनसंघ के गठन के समय से संगठन के साथ जुड़े हुए हैं। वर्ष 1951 से लेकर 1953 में कानपुर में आयोजित जनसंघ की पहली बैठक सहित अनेक महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेने का अवसर उन्हें मिला। उन्होंने कहा कि उस समय भाजपा और जनसंघ का संघर्ष सीमित संसाधनों के बीच शुरू हुआ था, लेकिन आज पार्टी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है।उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब भाजपा के केवल दो सांसद हुआ करते थे, जबकि आज पार्टी केंद्र सरकार सहित देश के 22 राज्यों में शासन कर रही है। यह भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता ने उन्हें विशेष खुशी दी है और इससे यह स्पष्ट होता है कि देशभर में भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
नगर निगम चुनावों को लेकर शांता कुमार ने कहा कि पालमपुर में भाजपा का कमल खिलना तय है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नगर निगम पर कब्जा कर पालमपुर को विकास के नए मॉडल के रूप में स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि शहर में जो विकास कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। पालमपुर की जनता को बेहतर सड़कें, स्वच्छता, पार्किंग, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना भाजपा की प्राथमिकता रहेगी।उन्होंने अपने लंबे समय से जुड़े रोपवे परियोजना के सपने का भी उल्लेख किया। शांता कुमार ने कहा कि सरकार बदलने के कारण उनका यह सपना अधूरा रह गया था, लेकिन अब भाजपा सरकार और नगर निगम में भाजपा का नेतृत्व होने पर इसे अवश्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पालमपुर में रोपवे बनने से पूरा कांगड़ा जिला पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान हासिल करेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
शांता कुमार ने जनता से अपील करते हुए कहा कि पालमपुर के विकास के लिए भाजपा को मजबूत जनादेश देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव में काम कर रहे हैं और नए तथा पुराने सभी नेता मिलकर पार्टी को विजय दिलाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने नगर निगम और आगामी विधानसभा चुनाव को अपने राजनीतिक जीवन का अंतिम चुनाव बताते हुए कहा कि वह जनता के आशीर्वाद के साथ विकास की नई कहानी लिखना चाहते हैं।इस अवसर पर पूर्व आईपीएच मंत्री ठाकुर रविंद्र सिंह रवि, विधायक विपिन परमार, राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, कमलेश कुमारी, रविंद्र धीमान, भाजपा प्रवक्ता विनय शर्मा, घनश्याम शर्मा, अरविंद शर्मा, राजेश रानू, अभिमन्यु भट्ट, जिला अध्यक्ष रागिनी रकवाल, संजीव सोनी तथा शांति शर्मा सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।