Summer express/मंडी, धर्मवीर -:मंडी जिला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिकारी देवी मंदिर के समीप बीती रात एक भीषण सड़क हादसा पेश आया।हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक आल्टो कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा बेहद सुनसान क्षेत्र में होने के कारण काफी देर तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग शिकारी देवी मंदिर की ओर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद घायलों में से एक व्यक्ति ने साहस दिखाते हुए किसी तरह खाई से बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच बनाई। वहां टेंट लगाकर रह रहे लोगों से उसने मदद मांगी, जिसके बाद हादसे की जानकारी सामने आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर जंजैहली थाना पुलिस देर रात करीब एक बजे मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और सभी घायलों तथा शवों को खाई से बाहर निकाला। हादसे में भूपेंद्र राज और हेत राम नामक दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक थुनाग क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।वहीं घायल हुए योगराज और पूर्णचंद को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा गया है। इनमें एक व्यक्ति थुनाग और दूसरा पांगणा क्षेत्र का निवासी बताया गया है। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।