Summer express/सिरसा, विजय कुमार -:हरियाणा के सिरसा स्थित ऑटो मार्केट के ब्लू बैरी होटल में कथित देह व्यापार मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामले से जुड़ी कुछ ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे शहर में चर्चा तेज हो गई है। इन वायरल ऑडियो में कथित तौर पर समझौते के लिए दबाव बनाने और पैसों के जरिए मामला शांत कराने जैसी बातें सामने आई हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मामले में महिला यू-ट्यूबर हैप्पी सिंगला का नाम भी सामने आया है। वायरल बातचीत में कथित रूप से पीड़ित महिलाओं को राजीनामा करने के लिए मनाने की कोशिश की जा रही है। ऑडियो में यह दावा भी किया गया है कि पुलिस और अन्य स्तरों पर पैसे देकर मामला दबाया जा सकता है। कथित तौर पर 20 से 25 हजार रुपये में “सेटिंग” कराने की बातें भी सामने आई हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया है कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर होटल में बुलाया गया, जहां उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए और बाद में देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया। महिलाओं का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी गईं और समझौता करने का दबाव बनाया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। जांच अधिकारी को बदलते हुए अब एएसआई सीमा को केस सौंपा गया है, जबकि पूरे मामले की निगरानी डीएसपी स्तर पर की जा रही है। अब तक होटल संचालक प्रिंस अरोड़ा को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।एएसपी आदर्शदीप सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित महिलाओं ने पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर न्याय दिलाने की मांग की है।