Summer express, अंकुर कपूर , अंबाला । हरियाणा के अंबाला जिले में नेशनल हाईवे-152D पर संदिग्ध कैमरे लगाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की बात सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी हाईवे और संवेदनशील इलाकों की फुटेज पाकिस्तान भेज रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मामला शंभू टोल प्लाजा के पास पुल और थाना नग्गल क्षेत्र का है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में कैमरे लगाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबाला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच सीआईए-1 टीम को सौंपी गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के तरनतारन निवासी मनप्रीत उर्फ मन्नी और फिरोजपुर निवासी अनमोल के रूप में हुई है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों का संपर्क पाकिस्तान से जुड़े नशा तस्करों और हथियार सप्लायर्स से था। जांच एजेंसियों को शक है कि इन्हीं के निर्देश पर हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में कैमरे लगाए गए थे। आरोप है कि कैमरों से रिकॉर्ड होने वाली फुटेज पाकिस्तान भेजी जा रही थी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कैमरे लगाने के पीछे मकसद क्या था और आरोपियों का नेटवर्क किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले का संबंध किसी बड़े मॉड्यूल या सुरक्षा संबंधी गतिविधियों से है।
अंबाला के एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और जल्द ही कई अहम खुलासे होने की संभावना है।