Summer express, जींद। हरियाणा के जींद जिले के नरवाना में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीआईए टीम ने एक युवक को झूठे दुष्कर्म केस में फंसाकर लाखों रुपये की उगाही करने के आरोप में तीन महिलाओं को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि गिरफ्तार महिलाओं में शामिल एक आरोपी ने महज दो दिन पहले ही पीड़ित के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव कुचराना निवासी सोनिया, यमुनानगर की कंसोपुर कॉलोनी निवासी संगीता और सीमा के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोनिया और संगीता आपस में सगी बहनें हैं, जबकि सीमा इस पूरे खेल में बिचौलिए की भूमिका निभा रही थी।
सीआईए प्रभारी सुखदेव ने बताया कि गांव धमतान साहिब निवासी मलकियत ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया कि उसके भतीजे नरेश की डेयरी पर काम करने वाली महिला ने उसके खिलाफ झूठा दुष्कर्म मामला दर्ज कराया और बाद में केस वापस लेने के नाम पर छह लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी महिलाएं पहले ही ढाई लाख रुपये वसूल चुकी थीं और लगातार दबाव बना रही थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी कमलदीप राणा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए तीन लाख रुपये के नोटों के नंबर दर्ज किए और शिकायतकर्ता को पैसे देने के लिए भेजा। तय योजना के तहत महिलाओं को जमींदारा ढाबा के पास बुलाया गया। जैसे ही आरोपी महिलाएं रकम लेने पहुंचीं, पहले से मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने युवक पर दबाव बनाने के लिए लीव-इन रिलेशनशिप से जुड़े दस्तावेज भी तैयार करवा रखे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों का खुलासा किया जा सके।