Summer express, बहादुरगढ़। शहर में अवैध रूप से संचालित मांस की दुकानों के खिलाफ नगर परिषद की कार्रवाई लगातार जारी है। नगर परिषद की टीम ने बहादुरगढ़ के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए 11 और मांस की दुकानों को सील कर दिया।
नगर परिषद के एमई जोगेंद्र सिंधु और एसआई सुनील के नेतृत्व में टीम ने नजफगढ़ रोड स्थित बाग वाला मोहल्ला और राव तुलाराम पार्क के आसपास संचालित दुकानों पर कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित दुकानदार नियमों का उल्लंघन कर बिना लाइसेंस मांस की बिक्री कर रहे थे।
नगर परिषद की ओर से अब तक शहर के विभिन्न हिस्सों में 50 से अधिक दुकानों को सील किया जा चुका है। इससे पहले विभाग ने करीब 70 मांस विक्रेताओं को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर अवैध गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए थे। हालांकि अधिकांश दुकानदारों ने न तो नोटिस का जवाब दिया और न ही नियमों का पालन किया, जिसके बाद सीलिंग अभियान शुरू किया गया।
नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि शहर के अंदर खुले में मांस काटना और प्रदर्शित करना पूरी तरह नियमों के खिलाफ है। नियमानुसार केवल पैकिंग में लाया गया मांस ही बेचा जा सकता है और दुकानों पर ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे मांस सार्वजनिक रूप से दिखाई न दे।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन दुकानों पर कार्रवाई की गई, उनमें से किसी के पास वैध लाइसेंस नहीं मिला। साथ ही मांस बिक्री से जुड़े स्वास्थ्य और स्वच्छता मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा था।
नगर परिषद ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।