Summer express, बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ बाईपास पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब पांच लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान झाड़ौदा कलां गांव निवासी अजय के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक आई-10 कार भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार थाना शहर बहादुरगढ़ पुलिस की टीम एसआई योमेश कुमार के नेतृत्व में नया गांव पुल के पास बाईपास पर गश्त और वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की आई-10 कार को रोककर जांच की। कार पर आगे और पीछे अस्थायी नंबर लिखे हुए थे, जिससे पुलिस को शक हुआ।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर रखी एक सफेद पॉलीथिन से 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। पुलिस ने जब नोटों की गिनती की तो कुल रकम पांच लाख रुपये निकली। जांच के दौरान अधिकांश नोटों पर “मैजिक टॉय मनी” और “भारतीय रिज बैंक” लिखा मिला, जबकि कुछ नोटों पर “चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया” अंकित था। पुलिस के मुताबिक बरामद सभी नोट नकली पाए गए।
इसके अलावा आरोपी की तलाशी लेने पर तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने नकली नोट, मोबाइल फोन और कार को कब्जे में लेकर सील कर दिया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी इन नकली नोटों का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से करने वाला था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई बड़ा गिरोह तो शामिल नहीं है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 180 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।