Summer express, नई दिल्ली।देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने लगातार तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए हैं, जिससे आम लोगों पर महंगाई का दबाव और बढ़ गया है। नई दरें शनिवार, 23 मई से लागू हो गई हैं। पेट्रोल पंप संचालकों को आधी रात को ही संशोधित कीमतों की सूचना भेज दी गई थी।
ताजा बढ़ोतरी के तहत पेट्रोल के दाम में 91 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 86 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। इससे पहले 19 मई को भी पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा किया गया था। वहीं, 15 मई को तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तीन रुपये से अधिक की बड़ी बढ़ोतरी की थी।
नई कीमतों के लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि पहले यह 98.64 रुपये प्रति लीटर थी। वहीं डीजल अब 92.49 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जो पहले 91.58 रुपये प्रति लीटर था।
लगातार बढ़ रहे ईंधन के दामों का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। परिवहन खर्च बढ़ने से रोजमर्रा की जरूरतों और अन्य सामानों की कीमतों में भी इजाफे की आशंका जताई जा रही है।
इस बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में ईंधन की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। मंत्रालय ने कहा कि भारत में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और पूरे देश में आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। मंत्रालय के अनुसार, कुछ स्थानों पर आपूर्ति से जुड़ी अस्थायी समस्याओं को तेल विपणन कंपनियां लगातार निगरानी और समन्वय के जरिए दूर कर रही हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव का असर घरेलू ईंधन दरों पर पड़ रहा है। यदि वैश्विक बाजार में कच्चा तेल महंगा होता रहा, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।