Summer express,डाडासीबा। डाडासीबा क्षेत्र के गुराला गांव स्थित नाग मंदिर में रविवार को आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोट चढ़ाने और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियां भड़क गईं और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए श्रद्धालु इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ समय के लिए मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया।
इस घटना में करीब 10 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और मंदिर परिसर में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल डाडासीबा पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार सभी श्रद्धालुओं की स्थिति फिलहाल सामान्य है और किसी की हालत गंभीर नहीं है। उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा और एहतियात बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।