Summer express, रायगढ़ | महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ युवकों की जान चली गई। महाबलेश्वर-पोलादपुर मार्ग पर स्थित अंबेनाली घाट में एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 700 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा घाट के खतरनाक मोड़ों वाले हिस्से में हुआ, जहां वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया। शुरुआती रेस्क्यू के दौरान दो शवों को बाहर निकाला गया, जबकि बाकी लोगों की तलाश कई घंटों तक चलती रही। बाद में वाहन में सवार सभी आठ युवकों के मृत होने की पुष्टि की गई।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सातारा जिले के आसगांव क्षेत्र की थी। वाहन में सवार अधिकांश युवक सातारा और आसपास के गांवों के रहने वाले थे। हादसे के बाद मृतकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान अंश समीर चव्हाण, रितेश राजेंद्र लोखंडे, सुहास जितेंद्र लोखंडे, उत्कर्ष आनंद शिंगटे, निखिल अभिमन्यू शिंगटे, महेश अनिल पवार, आदित्य अशोक साळुंखे और राजेश अशोक काटकर के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका तेज रफ्तार और घाट के खतरनाक मोड़ को दुर्घटना की वजह मान रही है।