Summer express, जालंधर | जालंधर के किशनपुरा इलाके में सोमवार सुबह एक घर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार घर के मंदिर में लगे पंखे में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि उसका धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
आग बुझाने के प्रयास के दौरान घर के अंदर रखा सिलेंडर फट गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सिलेंडर ब्लास्ट की चपेट में आने से कई लोग झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
भाजपा नेता प्रशांत गंभीर के पिता सुदर्शन कुमार ने बताया कि वह सुबह सैर के लिए घर से निकल रहे थे, तभी मंदिर में लगे पंखे से चिंगारी निकली और आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग पूरे घर में फैल गई। आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन आग लगातार बढ़ती चली गई।
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
फायर ब्रिगेड अधिकारी रविंदर सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इलाके की संकरी गलियों और नीचे लटक रही बिजली की तारों के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आईं, जिससे घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हुई।
वहीं एएसआई सेवा सिंह ने बताया कि पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची थी। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है।