Summer express/शिमला ,संजू -:देशव्यापी महंगाई के विरोध में हिमाचल कांग्रेस ने सोमवार को शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कई सवाल पूछे और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधा।
इस दौरान शिमला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार इंद्रजीत सिंह ने आरोप लगाया कि देश में लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।पेट्रोल, डीज़ल, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े सामानों के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।सरदार इंद्रजीत सिंह ने कहा कि महंगाई के कारण मध्यम वर्ग, मजदूर, किसान और गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका के दबाव में काम कर रहा है और केंद्र सरकार देशहित से जुड़े कई मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के बजाय केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में नाकाम साबित हुई है।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन किया तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी ने केंद्र सरकार से पेट्रोल और अन्य जरूरी वस्तुओं के बढ़ते दामों पर तत्काल नियंत्रण करने की मांग की।