Summer express, फरीदाबाद। मानसून से पहले यमुना नदी के किनारे भूमि कटाव रोकने के लिए सिंचाई विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अमीरपुर-तिलौरी क्षेत्र में बाढ़ और कटाव से बचाव के लिए करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पत्थरों के स्टड्स लगाए जाएंगे। विभाग ने मौके पर निर्माण सामग्री पहुंचानी भी शुरू कर दी है।
पिछले वर्ष यमुना में आई बाढ़ के दौरान अमीरपुर-तिलौरी के पास बांध का हिस्सा कट गया था, जिससे बड़े स्तर पर भूमि कटाव हुआ था। बाढ़ के पानी ने सैकड़ों एकड़ फसलों को नुकसान पहुंचाया था, वहीं कई आबादी वाले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई थी। स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था।
इसी खतरे को देखते हुए तत्कालीन उपायुक्त विक्रम सिंह ने जुलाई 2025 में सिंचाई विभाग को स्थायी सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने यमुना किनारे स्टड्स लगाने की विस्तृत योजना तैयार कर उच्च अधिकारियों के पास मंजूरी के लिए भेजी थी। अब योजना को स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू कर दिया गया है।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार स्टड्स लगाने के लिए बड़े और मजबूत पत्थर मौके पर पहुंचने लगे हैं। विभाग का लक्ष्य मानसून शुरू होने से पहले सुरक्षा कार्य पूरा करना है ताकि इस बार बाढ़ के दौरान नदी का बहाव बांध और आसपास की जमीन को नुकसान न पहुंचा सके।
सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता गौरव लांबा ने बताया कि 15 जुलाई से पहले पूरे कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग इस बार किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता, ताकि पिछले साल जैसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।