Summer express, कुरुक्षेत्र ।कुरुक्षेत्र के शाहाबाद अनाज मंडी में सूरजमुखी खरीद को लेकर चल रहा विवाद अब सड़क पर पहुंच गया है। फसल की सरकारी खरीद शुरू न होने से नाराज किसानों ने बुधवार को लाडवा रोड जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों और प्रशासन के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया, जिसके बाद प्रदर्शन और तेज हो गया।
दरअसल, सरकार ने 25 मई से सूरजमुखी की खरीद शुरू करने का ऐलान किया था, लेकिन मंडियों में अब तक खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। विवाद की मुख्य वजह आढ़तियों और सरकार के बीच कमीशन दर को लेकर बना गतिरोध है। सरकार ने सूरजमुखी खरीद पर आढ़त केवल एक प्रतिशत तय की है, जबकि आढ़ती इस दर पर खरीद करने को तैयार नहीं हैं। आढ़तियों ने पहले ही साफ कर दिया था कि वे मौजूदा कमीशन दर पर किसी भी सूरत में खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं करेंगे।
इसी मुद्दे को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी गुट) ने मार्केट कमेटी कार्यालय में पंचायत बुलाई। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि सरकार और आढ़तियों के विवाद का खामियाजा किसानों को नहीं भुगतना चाहिए और तुरंत खरीद शुरू करवाई जाए।
जब अधिकारियों की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला तो किसान और यूनियन कार्यकर्ता लाडवा रोड पर धरने पर बैठ गए और सड़क जाम कर दी। जाम के कारण यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसानों को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश बैंस ने कहा कि किसानों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक मंडी में सूरजमुखी की खरीद शुरू नहीं हो जाती। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद प्रक्रिया शुरू होते ही किसान अपना धरना समाप्त कर देंगे।
किसानों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही और सरकार-आढ़ती विवाद के कारण मंडियों में उनकी फसल खराब होने का खतरा बढ़ता जा रहा है। वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समाधान निकालने के प्रयास जारी होने की बात कह रहा है।