Summer express/चिंतपूर्णी, विकास -:चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत डुहल भंटवाला में हुए उप-प्रधान पद के चुनाव ने इस बार पूरे क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। लगातार दो चुनावों में हार का सामना करने के बाद संजीव कुमार उर्फ ‘शिबी’ ने शानदार वापसी करते हुए रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर नई राजनीतिक मिसाल कायम की है। उनकी इस ऐतिहासिक जीत को क्षेत्र में धैर्य, संघर्ष और जनसेवा की बड़ी जीत माना जा रहा है।
पंचायत चुनावों में इस सीट को लेकर राजनीतिक जानकार कड़े मुकाबले की संभावना जता रहे थे, लेकिन मतगणना पूरी होने के बाद तस्वीर पूरी तरह बदल गई। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार संजीव कुमार ‘शिबी’ ने कुल 505 मत प्राप्त कर अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को भारी अंतर से पराजित किया। वहीं अन्य उम्मीदवारों में आशीष को 176, विक्रमजीत को 53, सचिन को 50 और अरविंद को 31 वोट मिले। इसके अलावा 32 मत रद्द घोषित किए गए।गौरतलब है कि संजीव कुमार इससे पहले एक बार प्रधान और एक बार उप-प्रधान पद का चुनाव बेहद कम अंतर से हार चुके थे। बावजूद इसके उन्होंने कभी जनता से दूरी नहीं बनाई और लगातार पंचायत क्षेत्र में सक्रिय रहकर लोगों की समस्याओं को उठाते रहे। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सादगी, संघर्षशील सोच और समाजसेवा के प्रति समर्पण ने ही उन्हें जनता का भरपूर समर्थन दिलाया।जीत के बाद संजीव कुमार ‘शिबी’ ने पंचायत वासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरे क्षेत्र की जनता के विश्वास और प्यार की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत के विकास, युवाओं के लिए बेहतर सुविधाएं और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उनकी इस बड़ी जीत के बाद समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरे पंचायत क्षेत्र में जश्न का माहौल बना रहा।