Summer express/मंडी , धर्मवीर -: जिला परिषद मंडी के चुनावों में इस बार चाचा-भतीजी की एक अनोखी जोड़ी ने जीत हासिल कर चर्चा बटोरी है। कुफरी वार्ड से युवा उम्मीदवार शिवानी ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला परिषद सदस्य का चुनाव जीता। शिवानी ने अपने क्षेत्र में विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और मतदाताओं का विश्वास जीतने में सफल रहीं।शिवानी ठाकुर को चुनावी मैदान में उतरने के लिए उनके चाचा और पूर्व जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज का मार्गदर्शन मिला। क्षेत्र में पहले किए गए विकास कार्यों और जनता के बीच मजबूत संपर्क का लाभ भी उन्हें मिला। चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।
वहीं, कुशाल भारद्वाज ने भडयाड़ा वार्ड से चुनाव लड़ते हुए प्रभावशाली जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1506 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। लंबे समय से सक्रिय राजनीति में जुड़े कुशाल भारद्वाज जोगिंद्रनगर और द्रंग विधानसभा क्षेत्रों में एक पहचान रखते हैं और वामपंथी राजनीति से जुड़े प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं।जिला परिषद चुनाव में चाचा-भतीजी दोनों की जीत को क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस सफलता पर सीपीआईएम नेता रविकांत सहित कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने दोनों विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।