Summer express/हमीरपुर, अरविंद -:हमीरपुर जिले के विकास खंड टौणीदेवी की ग्राम पंचायत गुवारडू के अंतर्गत करसोह गांव में शुक्रवार तड़के एक भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। आग लगने की इस घटना में एक पशुशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि अंदर बंधी भैंस झुलस गई। ग्रामीणों की तत्परता और साहसिक प्रयासों के चलते भैंस को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में पशुपालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार करसोह निवासी अमित कुमार, पुत्र कमलेश कुमार, की पशुशाला में शुक्रवार सुबह लगभग तीन बजे अचानक आग भड़क उठी। देर रात उठीं आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए।हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी पशुशाला उसकी चपेट में आ गई। पशुशाला में रखा चारा, लकड़ी, घरेलू उपयोग का सामान तथा अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। इस दौरान अंदर बंधी भैंस भी आग में फंस गई थी। ग्रामीणों ने जोखिम उठाते हुए उसे बाहर निकाला, लेकिन आग की तपिश से वह झुलस गई।पीड़ित अमित कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद परिवार को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और राजस्व विभाग से मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने तथा राहत मैन्युअल के तहत उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की अपील की है।