Summer express, अमृतसर। पंजाब में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव समाप्त होने के साथ ही मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 2.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने सोमवार से प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है, जबकि 10 जून तक गर्म हवाओं का दायरा पूरे राज्य में फैलने की संभावना जताई गई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आगामी दिनों में पंजाब के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से थोड़ा कम या सामान्य स्तर के आसपास बना रहेगा, लेकिन कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। विशेष रूप से फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, राज्य के अन्य अधिकांश जिलों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 7 जून को मौसम सामान्य रहेगा और किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि 8 जून से गर्मी का असर बढ़ना शुरू होगा। इस दिन फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा जिलों के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
9 जून को हीटवेव का प्रभाव और बढ़ने की संभावना है। इस दौरान फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा के अलावा फिरोजपुर, मोगा, फरीदकोट, बरनाला और संगरूर में भी लू चलने की चेतावनी दी गई है। 10 जून को पूरे पंजाब के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फाजिल्का में 41.1 डिग्री, पटियाला और फरीदकोट में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। लुधियाना में पारा 40.4 डिग्री, फिरोजपुर में 39.6 डिग्री और चंडीगढ़ में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा, जबकि पठानकोट के थीन डैम क्षेत्र में 5.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।