दरभंगा | बिहार के दरभंगा जिले में शनिवार शाम मुहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। घटना सकतपुर थाना क्षेत्र के काकोरहा गांव में उस समय हुई, जब जुलूस गुजर रहा था और ताजिया का एक हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज लाइन से टकरा गया।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकतर घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही और पूरे मामले की जांच जारी है।
मुजफ्फरपुर में जुलूस के दौरान दो समुदायों में झड़प, दो घायल
इसी दिन एक अन्य घटना में मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर इलाके में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। झड़प में दो लोग घायल हो गए।
एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि घटना बरियारपुर थाना क्षेत्र के गौरीहार इलाके में हुई, जब जुलूस के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लिया और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है ताकि आगे कोई अप्रिय स्थिति न बने।