लखनऊ | उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां कुछ युवकों ने बीच सड़क एक ई-रिक्शा पर सवार बुर्का पहनी युवती से छेड़छाड़ की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपियों को युवती के साथ जबरदस्ती करते हुए देखा जा सकता है।
ई-रिक्शा रोककर की बदसलूकी, जबरन बुर्का उतरवाने का दबाव
वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक, मामला लखनऊ के IIM रोड का है। वीडियो में दिख रहा है कि युवती अपने एक परिचित युवक के साथ बाइक पर जा रही थी, तभी कुछ बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। युवक द्वारा विरोध करने पर वे उसे धमकाने लगे और जबरन युवती को ई-रिक्शा में बैठने पर मजबूर कर दिया।
रिक्शा सवार होते ही आरोपियों ने युवती से उसका बुर्का उतारने की कोशिश की और जबरन खींचतान शुरू कर दी। जब युवक ने दोबारा विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे भी धमकाया और मारपीट की धमकी दी।
‘हां, ये हिंदू-मुस्लिम मामला है’, भीड़ देखकर भागे आरोपी
वीडियो में एक जगह यह भी सुनाई देता है कि पीड़ित युवक पूछता है – “क्या यह हिंदू-मुस्लिम का मामला है?” जिस पर एक आरोपी जवाब देता है – “हां, हिंदू-मुस्लिम का ही मामला है।” इसके बाद जब मौके पर भीड़ जुटने लगी तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, शिकायत का इंतजार
घटना के वायरल वीडियो के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। दुबग्गा थाने की पुलिस ने बताया कि अब तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत (तहरीर) दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।