Summer express/सिरसा, विजय कुमार -: हरियाणा के सिरसा शहर में पुलिस ने एक होटल में कथित अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। डबवाली रोड स्थित एक निजी होटल में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों और तीन युवकों को हिरासत में लिया। मामले में होटल के मैनेजर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि उक्त होटल में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर डीएसपी राज सिंह के नेतृत्व में एबीवीटी स्टाफ और पुलिस टीम ने होटल में अचानक दबिश दी। जांच के दौरान होटल के विभिन्न कमरों से तीन युवतियां और तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।प्रारंभिक जांच में पुलिस को ऐसे संकेत मिले हैं कि होटल में बाहरी राज्यों से युवतियों को बुलाकर अनैतिक गतिविधियां कराई जा रही थीं। पुलिस ने मौके से होटल का रिकॉर्ड रजिस्टर भी बरामद किया है। रजिस्टर में दर्ज नामों और अन्य विवरणों की जांच की जा रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।पुलिस ने होटल मैनेजर और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
डीएसपी राज सिंह ने बताया कि यदि जांच के दौरान होटल मालिक या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में होटल या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।