Summer express, जालंधर। शहर के बाबू लाभ सिंह नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और करीब 25 राउंड गोलियां चलने की सूचना है। इस गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब छह बजे हुए इस घटनाक्रम में राहुल नामक युवक को निशाना बनाया गया। आरोप है कि निहंग बाणे में पहुंचे अमरजीत सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर राहुल पर फायरिंग की। गोली राहुल के पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
अचानक हुई गोलीबारी से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, मकसूदां मंडी में हुए एक युवक के हत्या मामले से इस वारदात का संबंध होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा किया जाएगा।