Summer express/हमीरपुर,अरविंद-:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को हमीरपुर में राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। जिला मुख्यालय में होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रदेश स्तरीय समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।
एसपी ने कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन की कुंजी है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है और योग इसके लिए सबसे प्रभावी साधन है।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुक्खू प्रदेश में स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। योग दिवस समारोह के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया जाएगा।प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 21 जून को आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेकर योग को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान को सफल बनाएं।