Summer express/बिलासपुर, सुभाष -:जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत रोहीण में आए तेज तूफान और आंधी ने एक परिवार के घर को गंभीर नुकसान पहुंचाया। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण एक पक्के मकान की छत पूरी तरह उड़ गई, जिससे मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद परिवार को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। हालांकि इस प्राकृतिक आपदा में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक त्रिलोक जमवाल प्रभावित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। विधायक ने मकान को हुए नुकसान का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की।इस दौरान त्रिलोक जमवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवार के साथ खड़ा है तथा उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल का दौरा कर नुकसान का विस्तृत आकलन करने और राहत संबंधी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
विधायक ने आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने का आग्रह किया।स्थानीय ग्रामीणों ने भी घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवार को सहयोग और समर्थन देने का भरोसा जताया।