Summer express, बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी प्रेमिका के साथ रहने की चाहत में पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए धार्मिक आस्था और विश्वास का सहारा लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान गोकाक तालुक के शिंदिकुरबेट गांव निवासी सक्कुबाई पटायत के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब नौ साल पहले संतोष पटायत से हुई थी। जांच में सामने आया कि संतोष का पिछले चार वर्षों से गांव की ही एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। वह पत्नी को रास्ते से हटाकर प्रेमिका के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहता था।
अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए संतोष पत्नी को बैलहोंगल तालुक स्थित मराकुंबी गांव के चामुंडेश्वरी मंदिर ले गया। मंदिर से लौटते समय उसने पत्नी को एक सॉफ्ट ड्रिंक पिलाई, जिसमें पहले से जहरीला पदार्थ और कांच की चूड़ियों का बारीक चूरा मिलाया गया था। आरोपी ने इसे मंदिर का विशेष प्रसाद बताकर पत्नी को पीने के लिए दे दिया।
जहरीला पेय पीने के बाद जब सक्कुबाई की हालत बिगड़ गई, तो संतोष ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को हादसा दिखाने के लिए उसने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और उसके ऊपर अपनी मोटरसाइकिल गिरा दी। इसके बाद आरोपी ने पुलिस को फोन कर सड़क दुर्घटना की झूठी सूचना दी।
शुरुआत में मामला हादसे का प्रतीत हुआ, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने और शरीर में जहर की पुष्टि होने के बाद पुलिस का शक गहरा गया। पूछताछ के दौरान संतोष ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में हिंदलगा जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या की साजिश में उसकी प्रेमिका की कोई भूमिका थी या नहीं।