शहडोल | मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। जोरा गांव के पास एक तूफान वाहन पेड़ से जा टकराया, जिससे मौके पर ही तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य महिलाएं और बच्चे घायल हो गए। वाहन में कुल 20 लोग सवार थे, जो अयोध्या दर्शन के बाद छत्तीसगढ़ लौट रहे थे।
मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घटना की जानकारी मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल ब्यौहारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। मृतकों की पहचान गायत्री, मालती और इंदिरा बाई के रूप में हुई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
प्राथमिक जांच के अनुसार वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया, लेकिन सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और चालक से भी पूछताछ की जाएगी।