वाराणसी | धार्मिक नगरी काशी से बड़ी खबर सामने आई है। विश्व प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर को अब प्लास्टिक मुक्त घोषित करने की दिशा में अहम फैसला लिया गया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद की रविवार को हुई बैठक में तय किया गया कि 10 अगस्त 2025 से मंदिर परिसर में किसी भी तरह के प्लास्टिक सामान के साथ प्रवेश नहीं मिलेगा।
सावन से पहले तैयारियों को दी गई अंतिम रूप
गौरतलब है कि 11 जुलाई से सावन मास की शुरुआत हो रही है, जिसमें लाखों श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन को वाराणसी पहुंचते हैं। प्रशासन ने इसी भीड़भाड़ वाले समय में प्लास्टिक मुक्त अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक किया जा सके।
दिसंबर 2024 में हुआ था प्रस्ताव, अब अमल शुरू
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने जानकारी दी कि दिसंबर 2024 में ही प्लास्टिक प्रतिबंध का प्रस्ताव पारित हुआ था, लेकिन अब इसे लागू करने की प्रक्रिया सावन के बाद शुरू की जाएगी। इस दौरान सोशल मीडिया और ऑन-ग्राउंड अभियानों के जरिए श्रद्धालुओं को प्लास्टिक मुक्त दर्शन के लिए जागरूक किया जाएगा।
प्लास्टिक में पूजा सामग्री लाना भी रहेगा वर्जित
मिश्रा ने बताया कि अब श्रद्धालु दूध, जल, फूल-माला या अन्य पूजन सामग्री प्लास्टिक के बर्तनों या पैकेट में नहीं ला सकेंगे। मंदिर प्रशासन साफ कर चुका है कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर यह कदम श्रद्धालुओं के सहयोग से ही सफल हो सकेगा।
पहले से प्रतिबंधित है सिंगल यूज़ प्लास्टिक
मंदिर परिसर में पहले ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक लागू है, लेकिन अब इसे पूरी तरह सख्ती से लागू किया जाएगा। इस फैसले से मंदिर न केवल और अधिक स्वच्छ बनेगा, बल्कि यह धार्मिक स्थलों के पर्यावरणीय संरक्षण का मिसाल भी पेश करेगा।