जालंधर | रियल एस्टेट में भारी मुनाफे का लालच देकर प्रदेश के कई शहरों में करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। खुद को रियल एस्टेट कंपनी का डायरेक्टर बताने वाले एक शातिर ने पहले लोगों को विश्वास में लिया, फिर सुरक्षा चेक के बदले उनसे मोटी रकम ठग ली। फिलहाल पीड़ितों ने इस कथित ‘नटवरलाल’ के खिलाफ पुलिस को शिकायत सौंपी है।
पहले लौटाया मुनाफा, फिर ठग लिए लाखों
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने शुरुआत में अपने नजदीकी लोगों को रियल एस्टेट में इन्वेस्टमेंट का झांसा दिया। कुछ समय बाद इन निवेशकों को मुनाफे समेत पैसे लौटाकर भरोसा जीत लिया। इसके बाद आरोपी ने सिक्योरिटी चेक के बदले मोटी रकम वसूलनी शुरू की और धीरे-धीरे फरार हो गया।
चेक बाउंस और फर्जी सिग्नेचर से खुला फर्जीवाड़ा
शक होने पर कुछ पीड़ितों ने आरोपी द्वारा दिए गए चेक बैंक में लगाए, लेकिन सभी चेक बाउंस हो गए। जांच में सामने आया कि दिए गए चेक पर हस्ताक्षर भी मिलान नहीं खा रहे थे। पीड़ितों ने इसे गंभीर धोखाधड़ी मानते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अन्य शहरों से भी सामने आ सकते हैं केस
सूत्रों के अनुसार, यह ठग राज्य के अन्य शहरों में भी इसी तरह की धोखाधड़ी कर चुका है और कई अन्य पीड़ित जल्द ही पुलिस के पास शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।