Summer express, मोनिका रावत ,पंचकूला l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी कर देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में सम्मान राशि सीधे हस्तांतरित की। इस अवसर पर पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में राज्य स्तरीय ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किसानों, जनप्रतिनिधियों तथा कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ देखा और किसानों को योजना के लाभों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा पीएम-किसान योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने किसानों से सरकार की विभिन्न कृषि एवं कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना तथा योजना की 23वीं किस्त जारी होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। 23वीं किस्त जारी होने से देशभर के करोड़ों किसानों को लाभ मिला है।