Summer express, भूपेंदर ठाकुर , सोलन। चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग (एनएच-5) पर सोलन के रबोन क्षेत्र में आधी रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े चार वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में चारों गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार यह घटना देर रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई गाड़ियों के अगले और पिछले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों की जांच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि फरार ट्रक चालक की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-5 पर इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इससे पहले भी कई बार तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारकर फरार हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पूर्व प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि हादसे में भले ही कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन वाहनों को काफी क्षति पहुंची है। उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।