Summer express/कैथल, बलिंदर कुमार -:कैथल जिले के गांव क्योड़क में सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद के चलते युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव बेलेरखा निवासी राहुल उर्फ रावल और गांव क्योड़क निवासी शेखर के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की गांव के मुख्य बाजार में परेड कराकर कानून का संदेश दिया।
जानकारी के अनुसार, क्योड़क निवासी सागर निजी कार्य के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रील बनाकर साझा करता है।इसी बात को लेकर उसका गांव के ही कुछ युवकों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि सोशल मीडिया पर हुई कहासुनी और टिप्पणियों को लेकर रंजिश बढ़ती गई, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया।12 जून की शाम सागर अपने साथी अजय उर्फ बुल्ला के साथ मोटरसाइकिल पर कहीं जा रहा था। इसी दौरान क्योड़क मुख्य मार्ग स्थित ओवरब्रिज के समीप एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि कार में सवार युवकों ने बाहर निकलकर दोनों पर धारदार हथियारों, डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।मामले की जांच के दौरान थाना सदर पुलिस, चौकी क्योड़क और सीआईए-1 की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में आरोपियों की गांव में परेड कराई गई, ताकि असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे और लोगों को यह संदेश मिले कि अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।