Summer express, पानीपत | बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान से मिलने की चाह एक किशोर को हरियाणा के पानीपत से सीधे मुंबई तक ले गई। समालखा क्षेत्र का रहने वाला यह किशोर करीब एक महीने पहले घर से बिना बताए निकल गया था और बाद में महाराष्ट्र के दादर इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पुलिस को मिला। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे वापस पानीपत लाया गया है, जहां फिलहाल उसे पुनर्वास केंद्र में रखा गया है।
पानीपत बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के अध्यक्ष केदार दत्त कौशिक ने बताया कि महाराष्ट्र के दादर थाना पुलिसकर्मी तीन दिन पहले किशोर को लेकर पानीपत पहुंचे और उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किशोर पानीपत के समालखा क्षेत्र के एक गांव का निवासी है और लगभग एक माह पहले घर छोड़कर चला गया था।
पूछताछ के दौरान किशोर ने बताया कि वह अभिनेता सैफ अली खान का बड़ा प्रशंसक है और उनसे मिलने की इच्छा के चलते ही मुंबई पहुंच गया था। दादर क्षेत्र में अकेले घूमते समय स्थानीय पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे सुरक्षित हिरासत में लिया गया। काउंसलिंग और पूछताछ के दौरान उसकी पहचान पानीपत निवासी के रूप में हुई।
बाल कल्याण समिति ने किशोर की सुरक्षा और मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उसे संरक्षण में लिया है। फिलहाल उसे काउंसलिंग और पुनर्वास प्रक्रिया के लिए पुनर्वास केंद्र भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद किशोर को उसके परिजनों को सुरक्षित रूप से सौंप दिया जाएगा।
यह मामला एक बार फिर बच्चों और किशोरों में फिल्मी हस्तियों के प्रति बढ़ते आकर्षण और अभिभावकों की सतर्कता की आवश्यकता को उजागर करता है।