Summer express, मोनिका रावत , मोहाली | मोहाली के नयागांव क्षेत्र में वीरवार देर रात एक खाली पड़ी बिल्डिंग में हुए खूनी हमले में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान चंडीगढ़ के खुड्डा अलीशेर निवासी करण के रूप में हुई है। वहीं घायल हरप्रीत सिंह का पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना में धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। मामले में नया गांव थाना पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नयागांव पुल के पास स्थित एक खाली बिल्डिंग में अक्सर युवकों का जमावड़ा लगता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वहां नशा करने वाले लोग भी आते-जाते थे। वीरवार रात वहां मौजूद कुछ युवकों के बीच कथित तौर पर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपितों ने करण और हरप्रीत पर तलवार और चाकू जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
करण के भाई ने पुलिस को बताया कि करण वीरवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। फोन करने पर भी उससे संपर्क नहीं हो सका। बाद में जानकारी मिली कि करण और हरप्रीत नयागांव के पास गंभीर हालत में पड़े हैं। परिजन दोनों को तुरंत पीजीआई लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने करण को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही नयागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवदीप बराड़ ने बताया कि मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और हमले में शामिल सभी आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।