Summer express, मोनिका रावत , चंडीगढ़। चंडीगढ़ राइफल एसोसिएशन (सीआरए) की ओर से 3 से 6 जुलाई 2026 तक सेक्टर-25 स्थित शूटिंग रेंज में पहली चंडीगढ़ प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों के लिए नेशनल राइफल (एनआर) और डेफ वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
चैंपियनशिप में .177 एयर राइफल, एयर पिस्टल, .22 राइफल, .22 स्टैंडर्ड पिस्टल, .22 फ्री पिस्टल, .22 स्पोर्ट्स पिस्टल तथा सेंटर फायर पिस्टल की प्रतियोगिताएं होंगी। एनआर स्पर्धाओं के लिए खिलाड़ियों को अपनी प्रविष्टियां केवल ऑनलाइन माध्यम से एनआरएआई के पोर्टल पर भेजनी होंगी।
ऑनलाइन प्रविष्टियां 27 जून को दोपहर 1 बजे से शुरू होकर 30 जून तक स्वीकार की जाएंगी। इसके बाद 1 जुलाई को शाम 5 बजे तक तीन गुना प्रवेश शुल्क के साथ लेट एंट्री स्वीकार की जाएगी। वहीं, प्रवेश फार्म एवं शुल्क की हार्ड कॉपी 27 जून से 1 जुलाई तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक सेक्टर-25 स्थित सीआरए कार्यालय में जमा कराई जा सकेगी।
सीआरए के अनुसार, प्रतियोगिता में न्यूनतम क्वालीफाइंग स्कोर हासिल करने वाले निशानेबाज आगामी 51वीं चंडीगढ़ स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाओं में भाग लेने के पात्र होंगे। प्रतियोगिता और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी सीआरए और एनआरएआई की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
सीआरए के महासचिव शुभजोत सिंह चड्ढा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य शहर के उभरते निशानेबाजों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।