Summer express, सुंदरनगर I मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी के अंतर्गत पुलिस चौकी निहरी क्षेत्र में रोहांडा-ओकल मार्ग पर हुआ, जहां एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुई। हादसे के समय वाहन में दो युवक सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि गांव बैहली, डाकघर चौकी, तहसील निहरी, जिला मंडी निवासी 24 वर्षीय पुष्पराज पुत्र घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, गांव टिकरा धार, डाकघर चौकी, तहसील निहरी, जिला मंडी निवासी 23 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार पुत्र शुक्र राम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।