Summer express, गुरुग्राम। जिले के सोहना क्षेत्र के गांव निमोठ में 10 लाख रुपये की रंगदारी नहीं मिलने पर एक व्यक्ति की हत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित की छाती पर देसी कट्टा तानकर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण फायर नहीं हो सका, जिससे पीड़ित की जान बच गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून को आरोपी नरेंद्र गांव निमोठ में पीड़ित के घर पहुंचा और उससे 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। जब पीड़ित ने रुपये देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसकी छाती पर देसी कट्टा तानकर गोली चलाने का प्रयास किया। हालांकि, ट्रिगर दबाने के बावजूद गोली नहीं चली और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान पीड़ित की पत्नी ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी से हथियार छीनने की कोशिश की। इस दौरान उसके हाथ में चोट भी आई। बताया गया है कि आरोपी मौके पर देसी कट्टा छोड़कर फरार हो गया और जाते-जाते परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना सदर सोहना में हत्या के प्रयास, रंगदारी मांगने और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सोहना की टीम ने शनिवार को मंदिर रोड क्षेत्र से आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने अपने एक साथी सरफराज, निवासी गांव सटलाका, का नाम भी उजागर किया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नरेंद्र के खिलाफ पहले से हत्या, आवश्यक वस्तु अधिनियम के उल्लंघन और मारपीट समेत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।