Summer express, गुरुग्राम | अनुज पांचाल , गुरुग्राम के साइबर सिटी बस स्टैंड की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई अव्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की कमी को देखकर कांग्रेस नेताओं ने सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डाबर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं बेहद खराब स्थिति में हैं। सबसे गंभीर स्थिति शौचालयों की रही, जहां ताले लटके हुए मिले। इससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बस स्टैंड परिसर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आई और जगह-जगह गंदगी फैली हुई थी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस स्थिति के कारण यहां संक्रमण और बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गुरुग्राम का यह बस स्टैंड करीब 12 वर्षों से अधर में लटका हुआ है। जिस परियोजना को अत्याधुनिक और वर्ल्ड-क्लास बनाने का दावा किया गया था, वह आज बदहाली की मिसाल बन चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि बस स्टैंड की आधारशिला तत्कालीन पूर्व मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरो ने रखी थी, लेकिन उसके बाद विकास कार्य लगातार ठप पड़ा हुआ है।
निरीक्षण के दौरान नेताओं ने यह भी बताया कि मानसून के समय पूरा बस स्टैंड जलभराव की चपेट में आ जाता है, जिससे यह क्षेत्र एक तालाब जैसा नजर आने लगता है और यात्रियों को भारी परेशानी होती है।
कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गुरुग्राम से करोड़ों रुपये का राजस्व लिया जाता है, लेकिन जनता को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति और निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।