Summer express/देहरा, गुलशन धनोहा -:कांगड़ा जिले के पुलिस जिला देहरा के अंतर्गत जसवां क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। जिस घर में सोमवार रात बेटी की शादी की रौनक थी और मंगलवार सुबह उसकी विदाई हुई थी, उसी घर में कुछ ही घंटों बाद बेटे की मौत की खबर पहुंच गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार गांव बढ़ाल निवासी घनश्याम शर्मा की बेटी का विवाह सोमवार रात तलबाड़ा में संपन्न हुआ था। मंगलवार सुबह परिजनों ने भावुक माहौल में बेटी को विदा किया। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद परिवार का बेटा दिनेश शर्मा (30) रिश्तेदारों को तलबाड़ा छोड़ने गया था। रिश्तेदारों को छोड़कर वह अपनी एक्सयूवी (HP 24E 3755) से वापस घर लौट रहा था।बताया जा रहा है कि सुबह करीब पांच बजे जब दिनेश बढ़ाल के जंगल के समीप पहुंचा तो उसकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद गाड़ी की छत दब गई, एयरबैग खुल गए और वाहन के शीशे व अन्य हिस्से सड़क पर बिखर गए।सुबह वहां से गुजर रहे लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन देखा और तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल दिनेश को स्थानीय लोगों की मदद से बीबीएमबी अस्पताल तलबाड़ा पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना जैसे ही परिवार तक पहुंची, शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जिस आंगन से कुछ देर पहले बेटी की डोली विदा हुई थी, वहीं अब बेटे की अंतिम यात्रा की तैयारी होने लगी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।परिवार के करीबी लोगों के अनुसार दिनेश शर्मा की भी करीब छह महीने बाद शादी तय थी। परिवार उसके विवाह की तैयारियों और भविष्य के सपने संजो रहा था, लेकिन इस हादसे ने सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
उधर, पुलिस अधीक्षक देहरा संदीप धवल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।