संजू | शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दो हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचपीएएस) अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
यह आदेश मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की स्वीकृति के बाद जारी किए गए हैं। वर्ष 2009 बैच के एचपीएएस अधिकारी सचिन कंवल को हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के अतिरिक्त दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। अब वे केवल मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। सरकार के इस निर्णय के बाद उनके कार्यभार में बदलाव किया गया है ताकि वे मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े दायित्वों पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकें।
उधर, वर्ष 2014 बैच के एचपीएएस अधिकारी सुरेंद्र मोहन को हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। हालांकि, वे अपने वर्तमान पद ग्रामीण विकास विभाग के अतिरिक्त निदेशक का कार्यभार भी पहले की तरह संभालते रहेंगे।