Summer express/मंडी, धर्मवीर- हिमाचल प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। ऐसे में प्रशासन के द्वारा लोगों को नदी नालों के किनारे ना जाने की हिदायत दी जा रही है। लेकिन मंडी जिला में पर्यटक व स्थानीय लोग प्रशासन की इस चेतावनी को दरकिनार करते हुए नदी-नालों की ओर जाने से बिल्कुल भी परहेज नहीं कर रहे हैं। जिला में बहने वाली ब्यास नदी में भी लापरवाही का यही नजारा देखने को मिल रहा है, लोग बेखौफ नदी के बीचो-बीच जाकर अठखेलियां करते हुए नजर आ रहे हैं। पर्यटकों और लोगों को इस बात का जरा सा भी ड़र नहीं है कि ब्यास की लहरों के साथ इनकी मस्ती, कभी भी भारी पड़ सकती है।
बता दें कि 12 साल पहले भी ब्यास नदी में मस्ती करने उतरे हैदारबाद के 24 छात्रों को थलौट हादसे में अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि ब्यास नदी की ओर न जाने के लिए जगह-जगह चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए है। इसके अलावा संबंधित थानों की टीमों द्वारा नदी-नालों के किनारे गतश कर लोगों से अपील भी की जा रही है। इसके बावजूद भी यदि कोई प्रशासन की चेतावनी को दरकिनार करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ लीगल एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने जनता से नियमों का पालन करने और ब्यास नदी की ओर न जाने की अपील की है, ताकि अपना व दूसरे के जीवन को जोखिम से बचाया जा सके।